#प्रदेश

महाशिवरात्रि पर कुट्टू की पकौड़ी खाने से 70 लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार, 20 अस्पताल में भर्ती

Advertisement Carousel

 

ग्रेटर नोएडा। महाशिवरात्रि के अवसर पर व्रत के लिए बनाए गए कुट्टू के आटे की पकौड़ी और पूड़ी ने कई परिवारों के लिए त्योहार को दर्दनाक बना दिया। सुपरटेक ईकोविलेज-3 और हिमालय प्राइड सोसाइटी में रहने वाले लोगों ने यह भोजन किया, जिसके बाद 70 से अधिक लोग उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी समस्याओं से पीड़ित हो गए।

इनमें से करीब 20 लोगों की हालत गंभीर होने पर अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार देकर घर भेजा गया।

पीड़ित परिवारों के अनुसार, आटा स्थानीय दुकानों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से खरीदा गया था। खाने के एक-दो घंटे के भीतर ही लक्षण सामने आने लगे।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के न्यूमेड और यथार्थ अस्पताल के साथ-साथ नोएडा के कैलाश अस्पताल में मरीज पहुंचे। चिकित्सकों ने इसे फूड पॉइजनिंग का मामला बताया और भर्ती मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई।

खाद्य विभाग ने घटनास्थल पर जाकर जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध आटे के नमूने लिए गए हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि महाशिवरात्रि जैसे त्योहारों पर कुट्टू के आटे की मांग बढ़ जाती है, जिससे मिलावट या खराब स्टोर किए गए आटे से संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सिर्फ पैक्ड और प्रमाणित ब्रांड का आटा ही खरीदें और किसी भी लक्षण पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।