सलीम खान की तबीयत बिगड़ी, लीलावती अस्पताल में भर्ती; सलमान खान पहुंचे हॉस्पिटल
मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज स्क्रिप्ट राइटर और सलमान खान के पिता सलीम खान की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिता की सेहत की जानकारी मिलते ही सुपरस्टार सलमान खान भी अस्पताल पहुंच गए।
अस्पताल में मौजूद सलमान का वीडियो सामने आया है। वीडियो में सलमान काफी चिंतित नजर आ रहे हैं और उनके चारों ओर सुरक्षा कर्मी तैनात हैं। सलमान ने काले रंग की टी-शर्ट और पैंट पहन रखी थी। इस खबर ने फैंस में भी सलीम खान के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
सलीम-जावेद की फिल्मों का योगदान
सलीम खान बॉलीवुड के वरिष्ठ लेखक हैं। उन्होंने जावेद अख्तर के साथ मिलकर कई सुपरहिट फिल्में दी हैं, जिनमें ‘शोले’, ‘दीवार’, ‘डॉन’, ‘जंजीर’, ‘त्रिशूल’, और ‘सीता और गीता’ शामिल हैं। इसके अलावा सलीम खान ने पहले बतौर अभिनेता भी कुछ फिल्में की हैं।
पारिवारिक जानकारी
सलीम खान के चार बच्चे हैं: सलमान, अरबाज, सोहेल और अलवीरा। उन्होंने अर्पिता को गोद लिया है। सलीम खान की पहली शादी सलमा खान से हुई थी और उनकी दूसरी पत्नी वेटरन एक्ट्रेस हेलन हैं, जिनसे उन्होंने 1981 में शादी की।




