#प्रदेश

बीजापुर में आईईडी ब्लास्ट: एसटीएफ जवान घायल, एयरलिफ्ट कर रायपुर भेजा गया

Advertisement Carousel

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के गलगम जंगलों में नक्सलियों द्वारा प्लांट किए गए आईईडी की चपेट में आने से एसटीएफ का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया जा रहा है। घटना की आधिकारिक पुष्टि एडिशनल एसपी चंद्रकांत गवर्ना ने की है।

जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों की टीम गलगम के घने जंगलों में एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान पर निकली थी। इसी दौरान एसटीएफ के प्रधान आरक्षक नीलकंठ सिंह का पैर आईईडी पर पड़ गया, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

साथी जवानों ने तुरंत उन्हें कैंप पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें एयरलिफ्ट कर रायपुर भेजा गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना के बाद इलाके में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया गया है और नक्सलियों की तलाश जारी है।