रांची-दिल्ली एयर एम्बुलेंस हादसा: चतरा में विमान क्रैश, मरीज समेत 7 फ्लाइट में सवार लोगों की लिस्ट आई सामने
रांची। झारखंड के चतरा जिले में सोमवार शाम रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में मरीज, डॉक्टर और क्रू मेंबर समेत सभी सात लोगों की मौत हो गई। विमान ने रांची से उड़ान भरी थी और दिल्ली जा रहा था।
उड्डयन नियामक DGCA ने मामले की जांच के लिए Aircraft Accident Investigation Bureau (AAIB) को निर्देश दिए हैं।
आंधी-तूफान बना हादसे की वजह?
चतरा की डीसी कीर्तिश्री जी के अनुसार, तेज आंधी-तूफान के कारण विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ। डॉक्टरों की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर सभी सात लोगों को मृत घोषित किया।
एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि हादसे की सूचना रात करीब 10 बजे मिली। दुर्घटनास्थल तक पहुंचना काफी कठिन था। दिल्ली से विशेषज्ञ टीम जल्द पहुंचकर ब्लैक बॉक्स बरामद करेगी, जिससे हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके।
विमान में सवार लोग
रांची हवाईअड्डे के निदेशक विनोद कुमार के अनुसार, हादसा सिमरिया के पास हुआ। विमान में सवार लोगों के नाम इस प्रकार हैं:
कैप्टन विवेक विकास भगत
कैप्टन सवराजदीप सिंह
संजय कुमार (मरीज)
अर्चना देवी (मरीज की पत्नी)
ध्रुव कुमार (अटेंडेंट)
डॉ. विकास कुमार गुप्ता
सचिन कुमार मिश्रा (पैरामेडिकल स्टाफ)
एक महीने में दूसरा बड़ा हादसा
एक महीने के भीतर चार्टर्ड विमान दुर्घटना का यह दूसरा मामला है। 28 जनवरी को बारामती (जिला पुणे) के पास लैंडिंग के दौरान अजीत पवार का चार्टर्ड विमान भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें अजीत पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी।
फिलहाल प्रशासन और जांच एजेंसियां हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी हैं।





