#प्रदेश #राष्ट्रीय

जेडीयू में अब निशांत युग, नीतीश के बेटे निशांत संभालेंगे बिहार में जेडीयू की कमान

Advertisement Carousel

लव कुमार मिश्र

पटना।अब जनता दल (यू) में निशांत युग की शुरुआत होने जा रही है. यह लगभग तय माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत शनिवार सुबह पार्टी में शामिल होंगे।

अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने निशांत के जदयू में प्रवेश का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा, “अब निशांत पार्टी का नेतृत्व करेंगे।”

पार्टी के प्रधान प्रवक्ता नीरज कुमार ने बताया कि निशांत पूरे राज्य का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी में औपचारिक जिम्मेदारी संभालने से पहले नीतीश कुमार ने भी पूरे बिहार का दौरा किया था।

इससे पहले पार्टी के विधायकों ने मुख्यमंत्री से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया। अधिकांश विधायक भावुक हो गए थे।नीतीश कुमार ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा, “मैं राज्यसभा जा रहा हूं, लेकिन बिहार में ही रहूंगा. आप लोग निश्चिंत रहें, मैं आपके साथ रहूंगा।”

नीतीश कुमार ने लोकसभा जाने के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि वह अब तक सभी सदनों के सदस्य रह चुके हैं, केवल राज्यसभा को छोड़कर।

इससे पहले जगन्नाथ मिश्रा, लालू प्रसाद यादव, सुशील कुमार मोदी और राम कृपाल यादव जैसे नेता पटना और दिल्ली के चारों सदनों के सदस्य रह चुके हैं।

नीतीश कुमार ने पार्टी विधायकों से कहा कि नई मंत्रिपरिषद पर उनका नियंत्रण रहेगा। ललन सिंह ने दावा किया कि नीतीश कुमार ही अपने उत्तराधिकारी के नाम का फैसला करेंगे।