#प्रदेश

सूरजपुर में कबराकान हाथी का खूनी तांडव, एक और महिला को कुचलकर मार डाला

Advertisement Carousel

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में कबराकान हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रामानुजनगर वन परिक्षेत्र के महंगई और कटेलपारा के जंगलों में विचरण कर रहे इस हाथी ने एक बार फिर जानलेवा हमला किया है। बीती रात उमेश्वरपुर में हाथी ने 45 वर्षीय महिला दिलासो, पति अर्जुन, को कुचल दिया। इस हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

एक सप्ताह में पांच लोगों की मौत

कबराकान हाथी के लगातार हमलों से इलाके में भय का माहौल है। बताया जा रहा है कि पिछले एक सप्ताह के दौरान हाथी के हमले में पांच लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। लोग अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर डरे हुए हैं।

वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल

लगातार हो रहे हमलों के बीच वन विभाग की निगरानी और मॉनिटरिंग व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हाथी के आतंक से क्षेत्र में दहशत बनी हुई है। इससे पहले वन विभाग की ओर से रात के समय भी जंगलों में निगरानी किए जाने की बात कही गई थी, लेकिन इसके बावजूद हाथी के हमले नहीं रुक रहे हैं।

लगातार हो रही मौतों से क्षेत्र के लोगों में दहशत के साथ आक्रोश भी है। ग्रामीणों की मांग है कि हाथी की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए और लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।