#राष्ट्रीय

Cyclone Akvan: अर्णब-मुरासु के बाद अब ‘अकवान’ की आहट, बंगाल की खाड़ी में चक्रवात की आशंका से बढ़ी चिंता

Advertisement Carousel

कोलकाता: बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर चक्रवाती तूफान का खतरा मंडराने लगा है. अर्णब और मुरासु के बाद अब संभावित चक्रवात ‘अकवान’ को लेकर मौसम विशेषज्ञों ने निगरानी शुरू कर दी है. मौसम संबंधी गतिविधियों के संकेतों के बीच 13 नवंबर तक बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने की संभावना जतायी जा रही है. इसके बाद यह मौसमी सिस्टम कितना मजबूत होगा और किस दिशा में आगे बढ़ेगा, इस पर नजर रखी जा रही है. प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, इसका रुख तमिलनाडु या आंध्र प्रदेश के तट की ओर हो सकता है. हालांकि, बंगाल पर इसके संभावित प्रभाव को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है. ‘अकवान’ नाम ईरान की ओर से प्रस्तावित किया गया है.

13 नवंबर तक बन सकता है कम दबाव का क्षेत्र

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 12 नवंबर तक दक्षिण अंडमान सागर और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर ऊपरी वायुमंडल में चक्रवाती परिसंचरण विकसित हो सकता है. इसके प्रभाव से 13 नवंबर तक बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है.

मौसम वैज्ञानिकों की नजर इस पूरी प्रक्रिया पर बनी हुई है. समुद्र का अनुकूल तापमान और वायुमंडलीय परिस्थितियां इस सिस्टम को मजबूती दे सकती हैं. यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं, तो कम दबाव का क्षेत्र आगे चलकर और शक्तिशाली मौसमी प्रणाली में बदल सकता है.

अभी चक्रवाती तूफान बनने की पुष्टि नहीं

हालांकि, बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने का मतलब यह नहीं है कि वहां निश्चित रूप से चक्रवाती तूफान विकसित होगा. इसके लिए समुद्र की स्थिति, तापमान, हवा की गति और वायुमंडलीय परिस्थितियों का अनुकूल होना जरूरी है.

फिलहाल संभावित चक्रवात ‘अकवान’ की दिशा, तीव्रता और इसके तटीय इलाकों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर कोई अंतिम तस्वीर सामने नहीं आयी है. मौसम विशेषज्ञ आने वाले दिनों में इस सिस्टम के विकास पर नजर रख रहे हैं.