ईरान का सऊदी अरब पर हमला: प्रिंस सुल्तान एयरबेस बना निशाना, 5 अमेरिकी विमान क्षतिग्रस्त

इंटरनेशनल न्यूज। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष दिन-प्रतिदिन और अधिक खतरनाक होता जा रहा है। अमेरिका और इस्राइल के हमलों के बाद ईरान भी लगातार पलटवार कर रहा है। मिसाइलों और ड्रोन हमलों के बीच यह टकराव अब 15वें दिन में पहुंच गया है और पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर है।
इसी बीच सऊदी अरब से एक बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान ने सऊदी अरब में मौजूद अमेरिकी सैन्य एयरबेस पर ताबड़तोड़ हमला किया। बताया जा रहा है कि इस हमले में अमेरिकी वायुसेना के कई विमान क्षतिग्रस्त हो गए।
जानकारी के अनुसार ईरान ने सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयरबेस को निशाना बनाया और वहां मिसाइल तथा ड्रोन से हमला किया। हमले में अमेरिकी वायुसेना के पांच रिफ्यूलिंग (ईंधन भरने वाले) विमान क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि विमान पूरी तरह नष्ट नहीं हुए हैं और उन्हें मरम्मत के लिए भेजा गया है। इस हमले में किसी के घायल होने या मौत की सूचना नहीं मिली है।
पश्चिमी इराक से कुवैत तक घटनाएं
इससे पहले पश्चिमी इराक में अमेरिकी वायुसेना का एक KC-135 टैंकर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में विमान में सवार सभी छह क्रू मेंबर की मौत हो गई थी।
वहीं, 1 मार्च को कुवैत में तीन अमेरिकी F-15 लड़ाकू विमान फ्रेंडली फायर की वजह से गिर गए थे। रिपोर्ट्स के अनुसार कुवैत के एक F-18 विमान ने गलती से इन विमानों को निशाना बना दिया। हालांकि इस घटना में सभी पायलट सुरक्षित बच गए थे।
पश्चिम एशिया में बढ़ा तनाव
गौरतलब है कि पिछले करीब 15 दिनों से पश्चिम एशिया में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। 28 फरवरी को अमेरिका और इस्राइल की ओर से ईरान पर किए गए हमलों के बाद यह संघर्ष और तेज हो गया। इसके जवाब में ईरान ने भी इस्राइल और खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर हमले शुरू कर दिए।
लगातार हो रहे इन हमलों के कारण पूरे पश्चिम एशिया में तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है और इसका असर वैश्विक राजनीति और अर्थव्यवस्था पर भी देखने को मिल सकता है।





