#प्रदेश #राष्ट्रीय

बंगाल में ममता बनर्जी का चुनावी दांव, पुजारी-मुअज्जिनों के मानदेय में बढ़ोतरी

Advertisement Carousel

 

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री Mamata Banerjee ने राज्य के पुजारियों और मुअज्जिनों के लिए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने इनके मासिक मानदेय में 500 रुपये की बढ़ोतरी करते हुए इसे 2000 रुपये प्रति माह करने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने इस फैसले की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (Twitter) पर पोस्ट के जरिए दी। उन्होंने कहा कि पुजारी और मुअज्जिन समाज के आध्यात्मिक और सामाजिक जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए सरकार की ओर से उन्हें यह आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है।

सीएम ने यह भी बताया कि जिन लोगों ने हाल ही में राज्य सरकार को नए आवेदन दिए थे, उन्हें भी इस योजना के तहत मंजूरी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार हर समुदाय और परंपरा का सम्मान करती है और धार्मिक व सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने वालों को पूरा सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए भी घोषणा

इसके अलावा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को लेकर भी अहम घोषणा की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों, पेंशनरों, शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों के साथ-साथ पंचायत, नगरपालिका और अन्य स्थानीय निकायों के कर्मचारियों के लिए किया गया वादा पूरा कर दिया है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, इन सभी को वेतन और भत्तों के पुनरीक्षण नियम (ROPA 2009) के तहत मिलने वाले डीए का बकाया मार्च 2026 से मिलना शुरू हो जाएगा। सरकार ने इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया और नियमों को सरकारी नोटिफिकेशन के माध्यम से स्पष्ट कर दिया है।

ममता बनर्जी ने कहा कि यह फैसला कर्मचारियों और पेंशनरों के हित में लिया गया है, ताकि उन्हें समय पर आर्थिक लाभ मिल सके और उनकी वित्तीय स्थिति मजबूत हो।