#प्रदेश

Big Breaking : कटक के SCB मेडिकल कॉलेज में भीषण आग, 10 मरीजों की मौत; 11 कर्मचारी झुलसे

Advertisement Carousel

 

कटक। ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। अस्पताल के ट्रॉमा केयर यूनिट के आईसीयू में भीषण आग लगने से 10 मरीजों की मौत हो गई, जबकि 11 कर्मचारी झुलस गए।

अधिकारियों के अनुसार आग सुबह करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच लगी। बताया जा रहा है कि ट्रॉमा केयर विभाग के आईसीयू में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते उसने बड़ा रूप ले लिया। उस समय आईसीयू में गंभीर हालत वाले मरीजों का इलाज चल रहा था।

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान अस्पताल के कर्मचारियों, पुलिस और मरीजों के परिजनों ने मिलकर मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।

मरीजों को दूसरे वार्ड में किया गया शिफ्ट

घटना के बाद 23 मरीजों को तुरंत दूसरे विभागों और वार्डों में शिफ्ट किया गया। मरीजों को बचाने की कोशिश के दौरान 11 अस्पताल कर्मचारी भी झुलस गए।

मुख्यमंत्री ने लिया हालात का जायजा

घटना की जानकारी मिलते ही ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात की और अधिकारियों से पूरी जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। उन्होंने कहा कि सात गंभीर मरीजों की मौत दूसरे वार्ड में शिफ्ट करते समय हुई, जबकि तीन मरीजों ने बाद में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतकों के परिवार को 25 लाख की सहायता

राज्य सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मरीज के परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि घायलों और अन्य मरीजों के इलाज में किसी तरह की कमी न हो।

फिलहाल अस्पताल में हालात को सामान्य करने की कोशिश की जा रही है और घटना की गहन जांच शुरू कर दी गई है।