#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले की जांच तेज! रायपुर से बिलासपुर-कोरबा तक EOW-ACB की ताबड़तोड़ दबिश, डेढ़ दर्जन ठिकानों पर छापेमारी

Advertisement Carousel

रियल एस्टेट, ज्वेलर्स, कपड़ा और कोयला कारोबारियों के ठिकानों पर पहुंची जांच टीम; राजनांदगांव में दो कारोबारियों के घर कार्रवाई, कटघोरा में नपा अध्यक्ष के आवास पर भी दबिश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई लगातार तेज होती नजर आ रही है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) के बाद अब आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) भी सक्रिय हैं। शुक्रवार को रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर, राजनांदगांव, राजिम और कोरबा सहित कई शहरों में जांच एजेंसियों ने करीब डेढ़ दर्जन ठिकानों पर दबिश दी। अलग-अलग कारोबारियों और अन्य लोगों के ठिकानों पर एक साथ हुई कार्रवाई से प्रदेश में हलचल मच गई है।

रायपुर में रियल एस्टेट कारोबारी के घर पहुंची टीम

राजधानी रायपुर के वीआईपी स्टेट में रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के आवास पर ACB/EOW की टीम पहुंची। बताया जा रहा है कि शराब घोटाला मामले की जांच के सिलसिले में उनके घर पर दबिश दी गई है। फिलहाल टीम की कार्रवाई और जांच से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

राजनांदगांव में दो कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी

राजनांदगांव में EOW की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। करीब 10 अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों की टीम दो वाहनों में पहुंची। टीम ने सनसिटी स्थित कारोबारी वैभव गोलछा के निवास और लालबाग क्षेत्र में कारोबारी जय बग्गा के घर दबिश दी। यह कार्रवाई भी शराब घोटाले और वित्तीय अनियमितताओं की जांच से जुड़ी बताई जा रही है।

ज्वेलर्स और कपड़ा कारोबारी के प्रतिष्ठानों की जांच

अभनपुर क्षेत्र के गोबरा नवापारा में EOW और ACB की संयुक्त टीम ने सोना-चांदी और कपड़ों के कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। जानकारी के मुताबिक, नवकार ज्वैलर्स और शांति विजय स्टोर्स सहित कारोबारी के अन्य ठिकानों पर भी जांच की जा रही है। कार्रवाई के बाद इलाके के व्यापारियों में हलचल है। अधिकारी फिलहाल जांच से जुड़ी जानकारी साझा करने से बच रहे हैं।

बिलासपुर में कोयला कारोबारी के आवास पर दबिश

न्यायधानी बिलासपुर में कोयला कारोबारी शाहबाज खान के ठिकानों पर ACB/EOW की टीम ने कार्रवाई की। शुक्रवार सुबह अधिकारी उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू में उनके आवास पहुंचे। टीम दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की पड़ताल कर रही है। मौके पर सुबह से ही अधिकारियों की मौजूदगी बनी हुई है।

कटघोरा में नगर पालिका अध्यक्ष के घर भी छापा

कोरबा जिले के कटघोरा में EOW की टीम ने एक साथ दो ठिकानों पर दबिश दी। टीम नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल के आवास पहुंची। इसके अलावा नगर सैनिक दिलीप केंवट के ठिकाने पर भी छापेमारी की गई। इस कार्रवाई को पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए DMF घोटाले की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, छापेमारी के कारणों और जांच के तथ्यों को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

कई शहरों में कार्रवाई से मची हलचल, खुलासों का इंतजार

छत्तीसगढ़ में अलग-अलग मामलों की जांच के तहत कई शहरों में एक साथ हो रही कार्रवाई से कारोबारियों और संबंधित क्षेत्रों में हलचल बढ़ गई है। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि छापेमारी के दौरान जांच एजेंसियों को कौन-से दस्तावेज, संपत्ति या अन्य साक्ष्य मिले हैं। जांच पूरी होने और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही कार्रवाई से जुड़े तथ्यों की तस्वीर साफ हो सकेगी।