काबुल में एयरस्ट्राइक के बाद बड़ा धमाका, अस्पताल पर हमले का दावा; पाकिस्तान ने आरोपों को किया खारिज

काबुल। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक भीषण धमाके का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तान ने काबुल के एक ड्रग रिहैबिलिटेशन अस्पताल पर एयरस्ट्राइक की, जिसके बाद जोरदार विस्फोट हुआ और आसमान में धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया।
वायरल वीडियो में आग की लपटें और धुएं का गुबार साफ देखा जा सकता है। एक अन्य वीडियो में सुरक्षा बल टॉर्च की रोशनी में मलबे से शवों को निकालते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि दमकलकर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि इन वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है।
अफगान तालिबान के एक प्रवक्ता के अनुसार, इस हमले में करीब 400 लोगों की मौत हो गई और 250 से अधिक लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि यह हमला रात करीब 9 बजे काबुल में स्थित करीब 2000 बेड वाले नशा मुक्ति अस्पताल पर हुआ।
तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने पाकिस्तान पर नागरिक ठिकानों और अस्पतालों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह हमला मानवता और अंतरराष्ट्रीय नियमों के खिलाफ है।
वहीं पाकिस्तान ने इन आरोपों को खारिज किया है। पाकिस्तान सरकार का कहना है कि उसकी सेना ने काबुल और पूर्वी प्रांत नंगरहार में केवल आतंकी ठिकानों पर सटीक कार्रवाई की है, किसी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया।
फिलहाल इस घटना को लेकर दोनों देशों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है और हमले से जुड़े दावों की स्वतंत्र जांच अभी जारी है।





