मैनपुरी में दर्दनाक हादसा: टीनशेड गिरने से महिला समेत दो मासूमों की मौत, तीन गंभीर

मैनपुरी। जिले के मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र स्थित आठपुरा गांव में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। मकान की कमजोर दीवार के साथ टीनशेड गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब परिवार के सभी सदस्य टीनशेड के नीचे सो रहे थे। अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और उसके साथ टीनशेड भी ढह गया। मलबे में दबकर 40 वर्षीय रूबी, 8 वर्षीय दिलीप और 13 वर्षीय देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में घायल हुए तीन अन्य परिजनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। आसपास के लोगों की मदद से मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला गया।
प्रशासन के मुताबिक, हादसे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन शुरुआती जांच में मकान की जर्जर हालत को प्रमुख वजह माना जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि तेज हवा या हालिया बारिश के कारण दीवार कमजोर होकर गिर गई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने की बात कही गई है।




