#अंतरराष्ट्रीय

ईरान-अमेरिका तनाव: अमेरिका ने होर्मुज के पास ईरान पर 5000 पाउंड बम से हमला, मिसाइल ठिकाने हुए निशाने पर

Advertisement Carousel

इंटरनेशनल न्यूज़। बुधवार की तड़के अमेरिका ने ईरान पर बड़े सैन्य हमले किए। अमेरिकी सेना के अनुसार, इन हमलों में करीब 5,000 पाउंड (2267 किलोग्राम) वजनी डीप पेनेट्रेटर बमों का इस्तेमाल हुआ। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बताया कि इन हमलों में होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरान के तटीय क्षेत्रों में स्थित कड़े सुरक्षा वाले मिसाइल ठिकानों को निशाना बनाया गया।

अमेरिकी बयान में कहा गया कि इन ठिकानों पर मौजूद एंटी-शिप क्रूज मिसाइलें अंतरराष्ट्रीय समुद्री यातायात के लिए खतरा पैदा कर रही थीं। इसी बीच, ईरान ने इस्राइल के मध्य क्षेत्र पर बैलिस्टिक मिसाइल हमले किए, जिनमें दो लोगों की मौत हुई।

इस्राइल में ईरानी हमलों में दो की मौत
इस्राइल की आपातकालीन सेवा मैगन डेविड एडोम (एमडीए) ने बताया कि रमत गन शहर में एक पुरुष और महिला की मौत गंभीर छर्रे लगने से हुई। तेल अवीव के उत्तर में स्थित बेनी ब्राक में भी मिसाइल के टुकड़े गिरने से एक व्यक्ति घायल हुआ।

यूएई और खाड़ी देशों में हमले और सुरक्षा कार्रवाई
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमलों की पुष्टि की। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि वायु रक्षा प्रणालियों ने बैलिस्टिक मिसाइलों को रोका और लड़ाकू विमानों ने ड्रोन मार गिराए। राष्ट्रीय आपातकालीन प्राधिकरण ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की।

बहरीन और कुवैत में भी सायरन बजने की घटनाएं हुईं। दोनों देशों की वायु रक्षा प्रणालियों ने ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमलों का जवाब दिया, जिससे धमाकों की आवाजें आईं।

ईरान के शीर्ष अधिकारी हताहत
इस्राइल की ओर से लगातार ईरान पर हवाई हमले जारी हैं। हाल ही में ईरानी शीर्ष अधिकारी अली लारीजानी और बासिज फोर्स के कमांडर गुलामरेजा सुलेमानी की मौत हो गई। इसके अलावा, इस्राइल ने लेबनान की राजधानी बेरूत पर भी भारी हवाई हमले किए।

सुरक्षा संकट के बीच पूरे खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है और अंतरराष्ट्रीय समुद्री और हवाई मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।