बड़ी चूक: Air India ने भेजा गलत विमान,8 घंटे बाद लौटी वापस लौटी कनाडा की फ्लाइट

नई दिल्ली। Air India की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान में गंभीर लापरवाही सामने आई है, जहां दिल्ली से वैंकूवर जा रही फ्लाइट को बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा। कारण यह था कि जिस विमान से उड़ान भरी गई, उसे कनाडा में प्रवेश की अनुमति ही नहीं थी।
गुरुवार सुबह 11:34 बजे दिल्ली से रवाना हुई फ्लाइट AI185 करीब 4 घंटे तक सामान्य रूप से उड़ान भरती रही। लेकिन जब विमान कुनमिंग के पास पहुंचा, तब एयरलाइन को इस बड़ी गलती का पता चला। इसके बाद तुरंत विमान को वापस बुलाने का निर्णय लिया गया।
करीब 8 घंटे हवा में रहने के बाद यह फ्लाइट शाम 7:19 बजे सुरक्षित दिल्ली लौट आई। इस दौरान सभी यात्री और क्रू पूरी तरह सुरक्षित रहे।
गलत विमान भेजने से हुई चूक
जानकारी के मुताबिक, इस उड़ान में बोइंग 777-200LR का इस्तेमाल किया गया था, जबकि एअर इंडिया को फिलहाल कनाडा के लिए सिर्फ बोइंग 777-300ER उड़ाने की मंजूरी है।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए अलग-अलग देशों के नियम होते हैं और कई बार मंजूरी विमान के मॉडल या उसके विशेष नंबर के आधार पर दी जाती है। इसी वजह से यह तकनीकी चूक सामने आई। एअर इंडिया ने इस घटना को ‘ऑपरेशनल समस्या’ बताते हुए कहा कि यह फैसला सुरक्षा और नियमों के तहत लिया गया।
यात्रियों को दी गई मदद
एयरलाइन ने बताया कि दिल्ली लौटने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया और उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए होटल और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
इसके साथ ही यात्रियों को जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई। अगले दिन यही फ्लाइट सभी यात्रियों को लेकर दोबारा रवाना हुई। इस पूरी घटना से एयरलाइन को आर्थिक नुकसान भी हुआ है, क्योंकि इस तरह के बड़े विमान हर घंटे 8-9 टन तक ईंधन खर्च करते हैं।





