#crime #प्रदेश

फर्जी अधिकारी बनकर अस्पतालों को धमकाने का मामला, स्वास्थ्य सचिव ने पुलिस से मांगी सख्त कार्रवाई

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्राइवेट अस्पतालों को निशाना बनाकर ब्लैकमेलिंग की कोशिश का गंभीर मामला सामने आया है। राज्य के स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए रायपुर के पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

स्वास्थ्य विभाग को मिली शिकायतों के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति खुद को सचिव का स्टाफ बताकर विभिन्न निजी अस्पतालों को फोन कर रहा था। वह अस्पताल प्रबंधन को मंत्रालय बुलाकर डराने और कथित रूप से दबाव बनाने की कोशिश कर रहा था। बताया गया कि संबंधित व्यक्ति डॉक्टरों को मंत्रालय के बाहर ही इंतजार करवाता रहा और बाद में बहाने बनाकर टाल देता था।

इस मामले में चरौदा, दुर्ग, भिलाई और बिलासपुर के कुछ निजी अस्पतालों ने शिकायत दर्ज कराई है। स्वास्थ्य सचिव ने स्पष्ट किया है कि विभाग में इस नाम का कोई भी कर्मचारी कार्यरत नहीं है, जिससे यह मामला फर्जीवाड़े और ठगी की कोशिश की ओर इशारा करता है।

पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक शिकायतें दुर्ग जिले से संबंधित हैं। उन्होंने विजय अग्रवाल को जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दे दिए हैं। फिलहाल रायपुर में इस तरह की कोई शिकायत सामने नहीं आई है, लेकिन पुलिस ने आश्वासन दिया है कि शिकायत मिलने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी कौन है और उसके पीछे क्या मंशा थी।