ईरान पर अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमले: खार्ग द्वीप और कोम में मिसाइल अटैक, मशहद में रेल सेवाएं बंद

इंटरनेशनल न्यूज। मध्य पूर्व में तनाव चरम पर पहुंच गया है। अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर कई हमले किए हैं। मेहर न्यूज के अनुसार, ईरान के खार्ग द्वीप पर भी कई हमलों को अंजाम दिया गया है।
इसी बीच, इजरायल की चेतावनी के बाद मशहद में एहतियातन रेल सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है। ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शहर के गवर्नर ने केंद्रीय रेलवे स्टेशन से चलने वाली सभी ट्रेनों को अगले आदेश तक रोकने का निर्देश दिया है।
वहीं, कोम शहर के पास भी बड़ा हमला हुआ है। कोम के गवर्नर मोर्तेजा हेदरी ने बताया कि तेहरान के दक्षिण में स्थित इस इलाके में संचार नेटवर्क से जुड़े एक महत्वपूर्ण पुल को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि शहर के बाहरी इलाके में स्थित इस पुल पर अमेरिका और इजरायल ने मिसाइलों से हमला किया।
लगातार हो रहे इन हमलों के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हालात को देखते हुए प्रशासन सतर्क है और नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।





