बाबा बर्फानी के भक्तों के लिए खुशखबरी : 3 जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा, 28 अगस्त तक कर सकेंगे दर्शन

जम्मू।श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर है कि श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026 का शुभारंभ 3 जुलाई से होगा और यह पवित्र यात्रा 57 दिनों तक चलकर 28 अगस्त को संपन्न होगी। इस संबंध में घोषणा उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की बैठक के बाद की।
उन्होंने बताया कि यात्रा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू होगी और इसमें रजिस्ट्रेशन अनिवार्य रहेगा। श्रद्धालु देशभर की 556 अधिकृत बैंक शाखाओं के माध्यम से अग्रिम पंजीकरण कर सकेंगे, साथ ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
यात्रा में शामिल होने के लिए आयु सीमा 13 से 70 वर्ष निर्धारित की गई है। श्रद्धालु दो प्रमुख मार्गों से बाबा बर्फानी के दर्शन कर सकेंगे, जिनमें पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबा पहलगाम मार्ग और 14 किलोमीटर छोटा लेकिन कठिन बालटाल मार्ग शामिल है।
इस वर्ष यात्रा की प्रथम पूजा ज्येष्ठ पूर्णिमा (19 जून) को आयोजित की जाएगी। प्रशासन ने यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।




