इंस्टाग्राम हनीट्रैप में युवक का अपहरण, 1 करोड़ की फिरौती मांगने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। Instagram पर दोस्ती कर युवक को हनीट्रैप में फंसाकर अपहरण करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक के पिता से 1 करोड़ रुपये की फिरौती भी मांगी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया है और 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी ने अपने रिश्तेदार ठेकेदार से पैसे मांगे थे। रकम नहीं मिलने पर उसने बदला लेने की साजिश रची। इसके तहत एक महिला के जरिए ठेकेदार के बेटे की इंस्टाग्राम पर दोस्ती करवाई गई। कुछ दिनों तक बातचीत के बाद युवक को मिलने के बहाने बुलाया गया।
जैसे ही युवक तय स्थान पर पहुंचा, आरोपियों ने उसे जबरन कार में बैठाकर अपहरण कर लिया। इसके बाद उसकी इंस्टाग्राम चैट का डर दिखाकर पिता को फोन करवाया गया और 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही दुर्ग और धमतरी पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। लोकेशन ट्रैक कर धमतरी जिले में छापेमारी की गई, जहां से युवक को सुरक्षित छुड़ा लिया गया। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सभी आरोपी रायपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं और उन्हें जेल भेज दिया गया है।
इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए होने वाले अपराधों को लेकर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत पर जोर दिया है।




