#प्रदेश

गाजियाबाद: कनवानी गांव की झुग्गियों में भीषण आग, 500 से अधिक झोपड़ियां जलीं, सिलिंडर फटने से मचा हड़कंप

Advertisement Carousel

 

गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनवानी गांव में बृहस्पतिवार दोपहर लगभग 12 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते 500 से अधिक झुग्गियां जलकर पूरी तरह राख हो गईं। आग की ऊंची-ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई।

आग लगने के बाद झुग्गियों में रखे रसोई गैस सिलिंडर एक के बाद एक तेज धमाकों के साथ फटने लगे। इन विस्फोटों की आवाज से पूरा क्षेत्र दहल उठा और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। आग पर काबू पाने के लिए कई दमकल गाड़ियों को लगाया गया है, हालांकि आग के बड़े क्षेत्र में फैलने के कारण राहत कार्य में समय लग रहा है।

स्थानीय लोगों ने भी अपनी ओर से आग बुझाने और लोगों को सुरक्षित निकालने में मदद की। इस हादसे में सैकड़ों परिवार बेघर हो गए हैं और उनका सारा सामान जलकर नष्ट हो गया है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।