CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में बढ़ी गर्मी की मार, 19 अप्रैल तक कई जिलों में लू का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी लगातार अपना असर दिखा रही है। गुरुवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, वहीं आने वाले दिनों में तापमान में 3 डिग्री तक और इजाफा होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, तापमान बढ़ने का यह सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है।
प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा। सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा के मुताबिक, उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश और उसके आसपास ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही दक्षिण-पूर्व राजस्थान से मणिपुर तक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका और उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश से मन्नार की खाड़ी तक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका फैली हुई है। वहीं कर्नाटक और महाराष्ट्र के ऊपर ऊंचाई पर एक प्रति-चक्रवात भी बना हुआ है। इन सभी मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में फिलहाल शुष्क मौसम बना हुआ है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 19 अप्रैल तक बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कई जिलों में लू चलने की संभावना है। वहीं, बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की गरज-चमक के साथ मौसम बदल सकता है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। दिन में लू चलने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जिससे दिन और रात दोनों समय गर्मी महसूस होगी।





