गुम फाइल से परेशान युवक का अनोखा विरोध, दफ्तर में बादाम बिखेरकर जताया आक्रोश

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक युवक का अनोखा विरोध प्रदर्शन इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। तिफरा स्थित हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में युवक ने अपनी समस्या को लेकर ऐसा तरीका अपनाया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, युवक तरुण साहू ने उप संपदा अधिकारी के टेबल पर बादाम बिखेरते हुए कहा कि वह विभाग की “याददाश्त” बढ़ाने के लिए बादाम लाया है, ताकि उसकी गुम फाइल को याद किया जा सके।
दरअसल, मामला नामांतरण से जुड़ा हुआ है। युवक का कहना है कि उसने करीब एक साल पहले रिसेल में EWS फ्लैट खरीदा था, लेकिन आज तक उसे नामांतरण के दस्तावेज नहीं मिले हैं। आरोप है कि विभाग उसकी फाइल गुम होने की बात कहकर लगातार टालमटोल कर रहा है।
पीड़ित युवक के मुताबिक, वह पिछले एक साल से लगातार दफ्तर के चक्कर काट रहा है, लेकिन हर बार उसे यही जवाब मिलता है कि फाइल नहीं मिल रही है। परेशान होकर उसने यह अनोखा विरोध प्रदर्शन किया, ताकि उसकी समस्या पर अधिकारियों का ध्यान जाए।
वहीं, इस मामले को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने कार्रवाई की है। कार्यपालन अभियंता (प्रभारी संपदा अधिकारी) और संबंधित कॉलोनी प्रभारी को आगामी आदेश तक नवा रायपुर अटल नगर स्थित मुख्यालय में संलग्न कर दिया गया है।
घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। युवक ने दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।





