रायपुर में महिला आरक्षण बिल पर गरमाई राजनीति, भाजपा ने निकाली जनआक्रोश रैली

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में महिला आरक्षण से जुड़े नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पारित न होने को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में निकली जनआक्रोश रैली बलबीर जुनेजा इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर सुभाष स्टेडियम तक पहुंची, जहां एक सभा का आयोजन किया गया।
इस रैली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद रूपकुमारी चौधरी और राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। नेताओं ने इस दौरान महिला आरक्षण विधेयक को लेकर विपक्षी दलों पर तीखे आरोप लगाए।
राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि यह प्रदर्शन महिलाओं की आवाज है और विपक्षी गठबंधन महिलाओं के अधिकारों के प्रति संवेदनशील नहीं है।

भाजपा ने इस मुद्दे को लेकर राज्यभर में चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। इसके तहत 20 अप्रैल को महिला पदयात्राएं, 23 और 24 अप्रैल को महिला सम्मेलन तथा 26 और 27 अप्रैल को मंडल स्तर पर पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
गौरतलब है कि महिला आरक्षण से जुड़े इस विधेयक को पारित कराने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया गया था, लेकिन आवश्यक बहुमत नहीं मिलने के कारण यह पास नहीं हो सका। विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े, जबकि इसे पारित करने के लिए 352 मतों की जरूरत थी। प्रस्ताव में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने और महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान शामिल था।
इस मुद्दे को लेकर अब राजनीतिक माहौल और गर्माने के संकेत मिल रहे हैं।





