बीरगांव ईंट भट्टी पर छापा, 3 नाबालिग बच्चियों का रेस्क्यू; बाल संरक्षण आयोग अध्यक्ष वर्णिका शर्मा के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई

रायपुर। रायपुर के बीरगांव क्षेत्र स्थित एक ईंट भट्टी में बाल श्रम की सूचना मिलने पर छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संयुक्त टीम का गठन कराया।
रणनीति के तहत पहले स्थल का निरीक्षण किया गया और फिर मंगलवार सुबह लगभग 6 बजे टीम को दोबारा मौके पर भेजकर कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान तीन नाबालिग बच्चियां काम करते हुए पाई गईं, जिनकी उम्र 14 वर्ष से कम बताई गई है। टीम ने तत्काल सभी बच्चों का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
रेस्क्यू किए गए बच्चों के पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके तहत उन्हें सुरक्षित वातावरण, शिक्षा और बेहतर जीवन उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।
इस मामले में प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाल श्रम निषेध अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में जिला बाल संरक्षण इकाई, श्रम विभाग और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे। आयोग अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने कहा कि बाल श्रम के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।





