मध्य छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी तपिश, दुर्ग में पारा 43.5 डिग्री पार, 24 से 26 अप्रैल तक लू जैसे हालात

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मध्य क्षेत्र में गर्मी से फिलहाल राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। 24 से 26 अप्रैल के बीच इलाके में लू जैसी स्थिति बने रहने के आसार हैं।
बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान नानगुर सहित कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, लेकिन आने वाले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के मुताबिक, मराठवाड़ा से कोमोरिन क्षेत्र तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक एक द्रोणिका सक्रिय है। साथ ही, आंतरिक महाराष्ट्र और उससे लगे तेलंगाना व उत्तर आंतरिक कर्नाटक के ऊपर 3.1 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। इन परिस्थितियों के कारण तापमान में बढ़ोतरी हो रही है।
राजधानी रायपुर में आज आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।




