पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: पहले चरण में रिकॉर्ड तोड़ मतदान, शाम 5 बजे तक 89.93% वोटिंग दर्ज

इलेक्शन डेस्क। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के तहत गुरुवार को 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान जारी रहा। इस चरण में मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और कई इलाकों में लंबी कतारें लगी रहीं।
चुनाव आयोग के अनुसार, इस चरण में कुल 1,478 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान के लिए 44,376 से अधिक बूथ बनाए गए हैं, जिनमें लगभग 3,000 सहायक बूथ भी शामिल हैं। सुरक्षा के लिहाज से 7,384 बूथों को अत्यधिक संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है।
इस चरण में करीब 3 करोड़ 60 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से 5,444 बूथों का संचालन महिलाओं के जिम्मे दिया गया है, जबकि 207 मॉडल बूथ भी बनाए गए हैं ताकि मतदान प्रक्रिया को और सुविधाजनक बनाया जा सके।
सियासी मुकाबला मुख्य रूप से सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच माना जा रहा है।शाम 5 बजे तक राज्य में कुल मतदान प्रतिशत 89.93% दर्ज किया गया। जिला स्तर पर सबसे अधिक मतदान दक्षिण दिनाजपुर (93.12%) में रहा, जबकि सबसे कम मतदान कालिम्पोंग (81.98%) में दर्ज किया गया।
इस चरण के बाद पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण का मतदान अगले बुधवार को आयोजित किया जाएगा।





