#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में बढ़ी भीषण गर्मी, रायपुर में 44°C की आशंका, बस्तर में मिल सकती है राहत

Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ में इन दिनों भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। राज्य के कई हिस्सों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। राजधानी रायपुर में एक बार फिर 44 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंचने की संभावना जताई गई है।

राजनांदगांव रहा सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

दोपहर में झुलसाने वाली गर्मी
शुक्रवार को सुबह से ही तेज धूप रही और दोपहर बाद गर्मी ने लोगों को झुलसा दिया। हालात ऐसे रहे कि ग्रीष्म लहर (हीटवेव) जैसी स्थिति महसूस की गई।

दो दिन बाद बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों के बाद प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। साथ ही एक-दो स्थानों पर गरज-चमक, तेज हवा और वज्रपात भी हो सकता है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।

बस्तर में राहत के संकेत
बस्तर क्षेत्र में दक्षिण दिशा से आने वाली नमी युक्त हवाओं के कारण 26 अप्रैल से गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

क्यों बढ़ रही है गर्मी?
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार:

0 एक द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से दक्षिण बांग्लादेश तक फैली हुई है

0 दूसरी द्रोणिका विदर्भ से दक्षिण भारत तक सक्रिय है

0 महाराष्ट्र और आसपास के क्षेत्रों में एंटी-साइक्लोन बना हुआ है

0 इन सभी कारणों से प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान में वृद्धि हो रही है।

रायपुर का आज का तापमान

अधिकतम: लगभग 44°C

न्यूनतम: लगभग 28°C

गर्मी के इस दौर में लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।