#प्रदेश

नर्मदापुरम में भीषण सड़क हादसा: शादी से लौट रहे 5 लोगों की मौत, ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई टवेरा ,कई घायल

Advertisement Carousel

नर्मदापुरम। नर्मदापुरम में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। माखननगर के आंचलखेड़ा गांव के पास नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर यह हादसा रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 1 से 2 बजे के बीच हुआ।

जानकारी के मुताबिक, महेंद्रवाड़ी और माखननगर के रहने वाले लोग बुधनी से एक शादी समारोह में शामिल होकर टवेरा गाड़ी में सवार होकर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। बताया जा रहा है कि क्रॉसिंग के समय टवेरा अनियंत्रित हो गई और ट्रॉली के साइड में जा भिड़ी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टवेरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायलों और मृतकों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं 6 से 7 घायलों का इलाज जारी है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर कम दृश्यता, रात का समय और चालक की लापरवाही को वजह माना जा रहा है, हालांकि असली कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।
इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। शादी की खुशियां पलभर में गहरे दुख में बदल गईं, जिससे हर कोई स्तब्ध है।