#प्रदेश #राष्ट्रीय

पंजाब में ED की बड़ी कार्रवाई: पूर्व DIG भुल्लर और सहयोगियों के ठिकानों पर छापेमारी

Advertisement Carousel

चंडीगढ़। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम, 2002 के तहत पूर्व डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर और उनके सहयोगियों से जुड़े मामले में बड़े स्तर पर छापेमारी शुरू की है। यह कार्रवाई पंजाब और चंडीगढ़ के कुल 11 ठिकानों पर की जा रही है।

ED की टीमों ने चंडीगढ़ में 2, लुधियाना में 5, पटियाला में 2, नाभा में 1 और जालंधर में 1 स्थान पर तलाशी अभियान चलाया। यह छापेमारी आरोपियों, उनके करीबियों और संदिग्ध बेनामीदारों के परिसरों पर केंद्रित है।
अधिकारियों के मुताबिक, इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध तरीके से अर्जित संपत्तियों का पता लगाना, बेनामी संपत्तियों की पहचान करना और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े अहम सबूत जुटाना है।

यह जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) द्वारा दर्ज मूल आपराधिक मामलों के आधार पर की जा रही है। इन मामलों में आरोप है कि एक आपराधिक केस को निपटाने के लिए बिचौलिए के जरिए अवैध रिश्वत की मांग की गई थी, साथ ही आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति भी पाई गई।

गौरतलब है कि भुल्लर पंजाब पुलिस में डीआईजी (रोपड़ रेंज) के पद पर तैनात थे। CBI ने उन्हें अक्टूबर 2025 में एक कबाड़ कारोबारी की शिकायत के बाद रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया था।