#crime

50 लाख गबन कांड का खुलासा, ड्राइवर समेत 7 आरोपी गिरफ्तार, 66.50 लाख की संपत्ति जब्त

Advertisement Carousel

रायपुर। राजधानी रायपुर में 50 लाख रुपये के गबन मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में मुख्य आरोपी ड्राइवर कृष्णा साहू सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 49 लाख 50 हजार रुपये नकद, एक एमजी विंडसर कार (CG 04 QG 6633) और वारदात में इस्तेमाल हुई वर्ना कार (CG 06 HB 8055) जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 66.50 लाख रुपये बताई जा रही है।

पहले से रची गई थी साजिश
पुलिस जांच में सामने आया है कि ड्राइवर कृष्णा साहू ही इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड था। उसने अपने रिश्तेदारों और साथियों के साथ मिलकर पहले से योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।

ऐसे दिया घटना को अंजाम
शिकायतकर्ता अखिलेश ने थाना खम्हारडीह में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 25 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे उनके जीजा उमेश अग्रवाल ने बताया कि ड्राइवर कृष्णा साहू और अकाउंटेंट भूपेंद्र देवांगन कंपनी की कार से करीब 50 लाख रुपये लेकर बैंक गए थे। बैंक बंद होने के कारण वे वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान गीतांजलि नगर स्थित भारत माता मूर्ति के पास ड्राइवर ने गुटखा लेने का बहाना बनाकर अकाउंटेंट को कार से उतार दिया और मौका पाकर कार समेत पूरी रकम लेकर फरार हो गया। घटना के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल भी बंद कर लिया।

CCTV और तकनीकी जांच से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम और साइबर यूनिट तथा खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले, तकनीकी विश्लेषण किया और आरोपी की लोकेशन ट्रैक की। मुखबिरों की मदद से दबिश देकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

रिश्तेदारों में बांट दी थी रकम
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने गबन की रकम अपने परिवार और साथियों में बांट दी थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों में कृष्णा साहू, कन्हैया राणा, सविता साहू, भुनेश्वर साहू, ओम प्रकाश साहू, विष्णु प्रसाद पटेल और टीकम पटेल शामिल हैं।

जांच जारी
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना खम्हारडीह में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जाएगी।