#प्रदेश

पूर्व सीएम बघेल और महिला का फेक AI वीडियो विवाद: महिला आयोग का सख्त एक्शन, FIR के निर्देश 7 दिन में रिपोर्ट तलब

Advertisement Carousel

 

रायपुर। राजधानी रायपुर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे फेक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित आपत्तिजनक वीडियो के मामले में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक ने इस पूरे मामले को गंभीर मानते हुए स्वतः संज्ञान लिया है।

क्या है पूरा मामला
27 अप्रैल 2026 को प्रकाशित एक समाचार के आधार पर आयोग ने कार्रवाई शुरू की। इसमें बताया गया कि आधुनिक AI तकनीक का दुरुपयोग कर पूर्व मुख्यमंत्री और एक महिला से जुड़ा भ्रामक व आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है, जिससे समाज में गलत संदेश फैल रहा है।

साइबर सेल और पुलिस को निर्देश
आयोग ने साइबर सेल को वीडियो की तकनीकी जांच कर उसके मूल स्रोत का पता लगाने और इसे फैलाने वालों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं। वहीं दुर्ग जिले के पुलिस अधीक्षक को तत्काल FIR दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

7 दिन में मांगी रिपोर्ट
महिला आयोग ने पुलिस प्रशासन और साइबर सेल को निर्देशित किया है कि इस पूरे मामले में की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट 7 दिनों के भीतर आयोग के समक्ष प्रस्तुत की जाए।

महिला गरिमा पर सख्त रुख
आयोग ने कहा है कि डिजिटल माध्यमों के जरिए किसी की छवि खराब करना और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।