#अंतरराष्ट्रीय

इंडोनेशिया के जकार्ता के पास भीषण ट्रेन हादसा, 14 लोगों की मौत,राहत-बचाव कार्य जारी

Advertisement Carousel

 

जकार्ता। जकार्ता के बाहरी इलाके में हुए दर्दनाक ट्रेन हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। सरकारी रेलवे कंपनी पीटी केरेटा एपी इंडोनेशिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बॉबी रसीदिन ने इसकी पुष्टि की है। सभी शवों को पहचान और अन्य औपचारिकताओं के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

यह हादसा सोमवार को बेकासी तिमुर स्टेशन पर हुआ, जहां एक लंबी दूरी की ट्रेन ने स्टेशन पर खड़ी कम्यूटर ट्रेन के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई डिब्बे क्षतिग्रस्त हो गए और कई यात्री अंदर फंस गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव दल ने तुरंत घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। हालांकि, घायलों की सटीक संख्या अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।

इंडोनेशिया खोज एवं बचाव एजेंसी के प्रमुख मोहम्मद सयाफी ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद कठिन है और फंसे हुए लोगों तक पहुंचने के लिए डिब्बों को काटा जा रहा है। कुछ लोगों के अभी भी जीवित होने की आशंका जताई गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राहतकर्मी लोहे के डिब्बों को काटने के लिए भारी मशीनों का इस्तेमाल कर रहे हैं और स्टेशन पर भारी अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।

हादसे के बाद देश के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और घटना की गहन जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने रेलवे नेटवर्क के रखरखाव में सुधार और ट्रैफिक जाम कम करने के लिए फ्लाईओवर बनाने की भी घोषणा की है।
राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा समिति ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। इससे पहले भी इंडोनेशिया में कई बड़े रेल हादसे हो चुके हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठते रहे हैं।