AAP छोड़कर BJP में गए संदीप पाठक की मुश्किलें बढ़ीं, पंजाब में दो केस दर्ज; गिरफ्तारी के लिए पुलिस दिल्ली पहुंची

चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी छोड़कर हाल ही में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए राज्यसभा सांसद संदीप पाठक एक बार फिर सुर्खियों में हैं। पंजाब पुलिस ने उनके खिलाफ दो अलग-अलग जिलों में केस दर्ज किए हैं, जिनमें गैर-जमानती धाराएं भी लगाई गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तारी के लिए पंजाब पुलिस की टीम दिल्ली पहुंच चुकी है, हालांकि बताया जा रहा है कि संदीप पाठक अपने घर से निकल चुके हैं और फिलहाल उनकी लोकेशन स्पष्ट नहीं है।
25 अप्रैल को हुए थे BJP में शामिल
25 अप्रैल को संदीप पाठक ने AAP के कई अन्य नेताओं और सांसदों के साथ भाजपा का दामन थामा था। इनमें राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, विक्रमजीत साहनी, राजेंद्र गुप्ता और स्वाति मालीवाल जैसे नाम शामिल बताए जा रहे हैं।
AAP में रहे बेहद प्रभावशाली चेहरा
संदीप पाठक को अरविंद केजरीवाल का बेहद करीबी और रणनीतिक सलाहकार माना जाता था। जेल में रहने के दौरान केजरीवाल से मिलने वाले चुनिंदा लोगों में उनका नाम भी शामिल था। पंजाब चुनाव में पार्टी की बड़ी जीत के पीछे उनकी रणनीति को अहम माना जाता रहा, जिसके बाद उन्हें “पार्टी का चाणक्य” तक कहा जाने लगा।
बाद में उन्हें राज्यसभा भेजा गया, लेकिन संगठनात्मक बदलावों के तहत उन्हें पंजाब प्रभारी पद से हटाकर छत्तीसगढ़ का प्रभारी बना दिया गया। उनके स्थान पर मनीष सिसोदिया को जिम्मेदारी दी गई थी। बताया जाता है कि इस बदलाव से वे नाराज भी थे।
शैक्षणिक और राजनीतिक सफर
छत्तीसगढ़ मूल के संदीप पाठक ने कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से पीएचडी की है। उन्होंने आईआईटी दिल्ली में नौकरी छोड़कर राजनीति में कदम रखा था और आम आदमी पार्टी के संगठन में तेजी से उभरते हुए प्रमुख चेहरों में शामिल हो गए थे।
फिलहाल पंजाब में दर्ज मामलों और पुलिस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।





