#प्रदेश

नदी में डूबे 2 मासूम, नहाने गए बच्चों की दर्दनाक मौत से गांव में हड़कंप

Advertisement Carousel

 

बलरामपुर। जिले के सामरी पाठ थाना क्षेत्र के भुताही गांव में एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की नदी में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 और 6 वर्षीय दोनों बच्चे अपने अन्य साथियों के साथ गांव के पास स्थित नदी में नहाने गए थे। भीषण गर्मी के चलते बच्चे नदी में स्नान और खेलने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान खेलते-खेलते दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

साथ में मौजूद अन्य बच्चों ने जब यह देखा तो शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों को बचाने के लिए नदी में उतरकर काफी प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की खबर मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे। बच्चों की हालत देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों मृतक बच्चे ग्राम पंचायत सबाग और भुताही के निवासी थे।

सूचना मिलने पर सामरी पाठ थाना प्रभारी विजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शनिवार को दोनों बच्चों का पोस्टमार्टम कराया गया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और हर कोई गमगीन है।