छत्तीसगढ़ में मौसम ने बदली करवट, कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं के साथ वज्रपात की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ वज्रपात की गतिविधियां दर्ज की गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कई इलाकों में आंधी और बिजली गिरने जैसी स्थिति बनी रही।
तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज
भारत मौसम विज्ञान विभाग, रायपुर केंद्र के अनुसार, प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से क्रमशः 4.0 और 4.7 डिग्री कम रहा। वहीं सुबह 8:30 बजे तक रायपुर में 26 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
कई जिलों में बारिश दर्ज
मौसम विभाग के मुताबिक कुटरू में 5 सेमी, लाभांडीह में 4 सेमी और रायपुर में 3 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा भटगांव, सरिया और बिलाईगढ़ में 2-2 सेमी वर्षा हुई। बिलासपुर, मोहला, सारंगढ़, माना-रायपुर, लोरमी, कुनकुरी और बगीचा जैसे क्षेत्रों में 1-1 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम में बदलाव की वजह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। वहीं उत्तरी तेलंगाना और आसपास के क्षेत्र में 1.5 किलोमीटर ऊंचाई पर भी एक और चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन्हीं मौसम प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बनी हुई है।
अगले 24 घंटे के लिए अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना भी बनी हुई है।
हालांकि विभाग का अनुमान है कि आज से मेघगर्जन की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आ सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
रायपुर का मौसम पूर्वानुमान
रायपुर में 7 मई को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।





