#प्रदेश

TRE 4 विज्ञापन की मांग को लेकर पटना में बवाल, अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज

Advertisement Carousel

पटना। पटना में TRE 4 भर्ती विज्ञापन जारी करने और बिहार लोक सेवा आयोग की नियमावली में बदलाव की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन शुक्रवार को उग्र हो गया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए।
जानकारी के अनुसार, अभ्यर्थी पटना कॉलेज से मार्च निकालकर BPSC कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे। जैसे ही प्रदर्शनकारी जेपी गोलंबर पहुंचे, पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान नोकझोंक बढ़ी और स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। घटना में कई छात्र-छात्राओं के घायल होने की सूचना है, जबकि कुछ छात्र नेताओं को हिरासत में लिया गया है।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता दिलीप कुमार ने आरोप लगाया कि लाखों अभ्यर्थी पिछले दो वर्षों से TRE 4 वैकेंसी का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि शिक्षा विभाग और BPSC लगातार जल्द विज्ञापन जारी करने का आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन अब तक भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है।

अभ्यर्थियों का दावा है कि फरवरी में BPSC ने अधियाचना मिलने की जानकारी देते हुए शीघ्र विज्ञापन जारी करने की बात कही थी। इसके बावजूद अब तक कोई आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द TRE 4 का विज्ञापन जारी नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।