#प्रदेश

हनोई में “देश राग” इवेंट में भारतीय शास्त्रीय कला की भव्य प्रस्तुति, रचना मिश्रा ने कथक से बिखेरा जलवा

Advertisement Carousel

 

हनोई (वियतनाम)। डॉ. राखी रॉय द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक कार्यक्रम “देश राग” में 11 मई से 14 मई तक भारतीय शास्त्रीय कलाओं की शानदार प्रस्तुतियां देखने को मिलीं। चार दिवसीय इस आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकारों ने भारतीय कला और संस्कृति की समृद्ध परंपरा को मंच पर जीवंत किया।

इस कार्यक्रम में रचना मिश्रा ने जयपुर घराने की शास्त्रीय कथक नृत्य शैली में मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। यह उनकी प्रथम अंतरराष्ट्रीय प्रस्तुति रही, जिसे उन्होंने अपने गुरु श्रीमती आरती शंकर तथा पंडित राजेंद्र गंगानी को समर्पित किया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और हैदराबाद सहित विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने शास्त्रीय गायन, वादन और नृत्य की प्रस्तुतियों से मंच को समृद्ध किया।

आयोजक डॉ. राखी रॉय, जो भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी और मोहिनीअट्टम की प्रतिष्ठित गुरु हैं, भारतीय कला एवं संस्कृति के संरक्षण और अंतरराष्ट्रीय मंच पर उसके प्रसार के लिए निरंतर कार्यरत हैं।

रचना मिश्रा ने बताया कि उन्हें बचपन से कथक सीखने की इच्छा थी, लेकिन परिस्थितियों के कारण वे इसे समय पर शुरू नहीं कर सकीं। तीन वर्ष पूर्व उन्होंने विधिवत प्रशिक्षण प्रारंभ किया और अब वे पूर्ण समर्पण के साथ इस साधना में निरंतर आगे बढ़ रही हैं।

यह आयोजन भारतीय शास्त्रीय कलाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक सशक्त मंच प्रदान करने में सफल रहा, जिससे भारत की सांस्कृतिक विरासत की गूंज वैश्विक मंच पर और अधिक सशक्त हुई।