#प्रदेश #राष्ट्रीय

Fire In Train : सासाराम स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन में लगी आग, एक बोगी जलकर खाक, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

Advertisement Carousel

 

सासाराम। पंडित दीनदयाल उपाध्याय-गया रेलखंड के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सासाराम से आरा होते हुए पटना जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते ट्रेन की एक बोगी से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना सुबह करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है।

आग लगने की सूचना मिलते ही प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हालांकि राहत की बात यह रही कि जिस कोच में आग लगी, उसमें उस समय कोई यात्री मौजूद नहीं था।

रेलवे प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों ने रेलवे प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पानी और अग्निशमन यंत्रों का सही इस्तेमाल किया जाता, तो आग को शुरुआती दौर में ही बुझाया जा सकता था। आरोप है कि ट्रेन में रिफिलिंग के लिए बिछाई गई पाइपलाइन में पानी नहीं था और कई अग्निशमन सिलेंडर भी खाली पड़े थे।

स्थानीय लोगों के मुताबिक शुरुआती समय में पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं होने के कारण आग तेजी से फैल गई और एक बोगी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। बाद में क्षतिग्रस्त कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया।

कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया आग पर काबू

Railway Protection Force के निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि रेलकर्मियों और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। फिलहाल रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।

रेलवे ने जारी किया बयान

रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी Saraswati Chandra ने बताया कि सोमवार सुबह लगभग 5:30 बजे प्लेटफॉर्म संख्या 6 पर खड़ी गाड़ी संख्या 53212 डाउन सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन के एक कोच से धुआं निकलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही रेलकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सुबह 6 बजे प्रभावित कोच को अलग कर दिया और फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया।

उन्होंने बताया कि सुबह 6:05 बजे तक स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ गई थी। इस घटना में किसी यात्री या रेलकर्मी के हताहत होने की सूचना नहीं है। रेलवे ने मामले की जांच शुरू कर दी है।