महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 9.27 करोड़ का सोना किया जब्त, चेकिंग में पकड़े गए 3 आरोपी

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रेंहटीखोल चेकपोस्ट पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 9 करोड़ 27 लाख रुपये मूल्य का सोना जब्त किया है। जब्त सोने का वजन 7512.488 ग्राम बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, एनएच-53 पर रेहटीखोल चेकपोस्ट के पास नियमित वाहन चेकिंग के दौरान एक वोक्सवैगन कार को रोका गया। जांच के दौरान पुलिस को कार की पिछली सीट में बना एक गुप्त चैंबर मिला, जिसमें भारी मात्रा में सोने के आभूषण छिपाकर रखे गए थे।
पुलिस ने मौके से गुजरात के तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया है, जिनकी पहचान जयेश अकबरी, सुनीत कारेना और रूशी अग्रावात के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी राजकोट (गुजरात) के निवासी हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर सोने की खेप लेकर आ रहे थे, जिसे गुप्त चैंबर में छिपाकर परिवहन किया जा रहा था। बरामद सोने के आभूषणों के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके चलते पुलिस ने पूरी खेप जब्त कर ली।

पुलिस ने मामले की जानकारी आगे की जांच के लिए आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय (DRI) को सौंप दी है।
सिंघोड़ा पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, और मामले की विस्तृत जांच जारी है।





