#प्रदेश

CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में मौसम का बदला रुख, गर्मी बढ़ने के आसार, तापमान में 5 डिग्री तक बढ़ोतरी संभव

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम को प्रभावित करने वाला सिस्टम अब कमजोर पड़ गया है, जिसके चलते प्रदेश में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है। रायपुर समेत कई जिलों में सोमवार को तापमान में हल्के उतार-चढ़ाव देखने को मिले, लेकिन अब मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में गर्मी बढ़ने की चेतावनी दी है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में वृद्धि हो सकती है और आने वाले 4 दिनों में यह 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। हालांकि, कुछ स्थानों पर मेघगर्जन, तेज हवा, वज्रपात और हल्की वर्षा की संभावना भी बनी हुई है।

प्रदेश में कहीं हल्की बारिश तो कहीं तेज धूप का असर

सोमवार को छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं, अधिकतम तापमान में भी बड़ा अंतर देखने को मिला। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।

वहीं पेंड्रा रोड और अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे कम रहा।

मानसून को लेकर बड़ा अपडेट

मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई के आसपास केरल पहुंचने की संभावना है। हालांकि इसमें लगभग 4 दिनों का अंतर हो सकता है।

फिलहाल पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश और बिहार के आसपास ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। साथ ही दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के आसपास भी ऐसा ही सिस्टम बना हुआ है, जो मौसम में बदलाव का कारण बन रहा है।

 

राजधानी रायपुर में आज आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक बढ़ सकती है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।