देहरादून के पैनेसिया अस्पताल में आग, एक बुजुर्ग महिला की मौत, मरीज सुरक्षित निकाले गए

देहरादून।हरिद्वार रोड स्थित पैनेसिया अस्पताल में बुधवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग एसी में शॉर्ट सर्किट होने के कारण लगी, जिसके बाद पूरे अस्पताल परिसर में घना धुआं फैल गया।
घटना के समय अस्पताल के आईसीयू में छह मरीज भर्ती थे। धुआं फैलते ही मरीजों, परिजनों और स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल प्रशासन, राहत दल और स्थानीय प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के चलते सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालकर अन्य अस्पतालों में शिफ्ट किया गया।
इस हादसे में एक बुजुर्ग महिला बीरावती की मौत हो गई, जबकि दो मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। आग और धुएं की चपेट में आने से कुछ अस्पताल कर्मचारी भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
एसएसपी प्रमोद डोबाल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि सभी मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है और घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।




