#प्रदेश

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की लोगो डिजाइन प्रतियोगिता को मिला अभूतपूर्व प्रतिसाद, 2700 प्रतिभागियों से 3000 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा आयोजित लोगो डिजाइन प्रतियोगिता को प्रदेश सहित देशभर से अभूतपूर्व प्रतिसाद मिला है। निर्धारित अंतिम तिथि 20 मई 2026 तक कुल 2700 प्रतिभागियों द्वारा ई-मेल के माध्यम से 3000 से अधिक लोगो डिजाइन प्रविष्टियां भेजी गईं।

गौरतलब है कि राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का नाम परिवर्तित कर “छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल” किया गया है। इस संबंध में आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ. पी. चौधरी द्वारा विधानसभा में विधेयक प्रस्तुत किया गया था, जिसे पारित कर राज्यपाल की अनुमति के बाद 24 अप्रैल 2026 को राजपत्र में प्रकाशित किया गया।

मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया कि नाम परिवर्तन के साथ-साथ अब बोर्ड के कार्यक्षेत्र का भी विस्तार किया गया है। अब मंडल केवल आवास निर्माण तक सीमित न रहकर सड़क, पुल एवं अन्य अधोसंरचना विकास कार्यों का भी निष्पादन करेगा। साथ ही राज्य के बाहर भी परियोजनाओं में कार्य करने का अवसर मिलेगा, जिससे इसकी कार्यक्षमता एवं आर्थिक स्थिति और अधिक मजबूत होगी।

इसी क्रम में 12 मई 2026 को आयोजित समय-सीमा बैठक में आयुक्त अवनीश कुमार शरण (भा.प्र.से.) द्वारा मंडल के नए स्वरूप को दर्शाने के लिए नया लोगो डिजाइन करने का निर्णय लिया गया था। इसके तहत आमजन, कलाकारों एवं संस्थाओं से नए नाम एवं कॉन्सेप्ट के अनुरूप लोगो डिजाइन आमंत्रित किए गए थे। प्रतिभागियों को CDR, PDF, PNG अथवा JPEG फॉर्मेट में ई-मेल के माध्यम से प्रविष्टियां भेजने का अवसर दिया गया था।

मंडल द्वारा यह भी घोषणा की गई है कि चयनित लोगो के रचनाकार को 2.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्राप्त सभी प्रविष्टियों की स्क्रूटनी एवं चयन प्रक्रिया तीन चरणों में की जाएगी। इसके लिए 5 सदस्यीय समिति का गठन किया गया है, जो तकनीकी परीक्षण के बाद अंतिम चयन हेतु अनुशंसा करेगी। चयन के पश्चात नया लोगो शीघ्र ही सार्वजनिक किया जाएगा और विजेता को पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।