रायपुर एयरपोर्ट में बड़ा हादसा: 30 फीट ऊंचाई से गिरकर इलेक्ट्रिशियन की मौत, मेंटेनेंस कार्य के दौरान हुआ हादसा

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें सीलिंग रिपेयरिंग के दौरान एक इलेक्ट्रिशियन की 30 फीट ऊंचाई से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। मामला माना थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कुबेर कुमार साहू (32 वर्ष), निवासी जाम गांव, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। वह एयरपोर्ट के वेटिंग हॉल में सीलिंग मेंटेनेंस का कार्य कर रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे तत्काल माना स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कर्मचारी बिना सेफ्टी बेल्ट और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के काम कर रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन और ठेकेदार पर लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं।
माना थाना सीएसपी लंबोधर पटेल ने बताया कि इलेक्ट्रिशियन मेंटेनेंस कार्य के दौरान गिरा था और गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
एयरपोर्ट प्रबंधन ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल कर्मचारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया था और पुलिस को सूचना दे दी गई है।




