रायपुर में ठेला कारोबारियों का होगा सत्यापन, महापौर मीनल चौबे के सख्त निर्देश

रायपुर। राजधानी रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था और स्थानीय व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए नगर निगम प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। शहर के विभिन्न बाजारों, चौराहों और गली-मोहल्लों में मेटाडोर और ठेला लगाकर सामान बेचने वाले कारोबारियों का अब अनिवार्य पंजीकरण और भौतिक सत्यापन किया जाएगा।
महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम के टाउन प्लानिंग (टीपी) विभाग को इस संबंध में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा बाहरी और संदिग्ध तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
महापौर के निर्देशानुसार टीपी विभाग शहरभर में अभियान चलाकर ऐसे व्यवसायियों का पूरा रिकॉर्ड तैयार करेगा। इसमें संचालक का नाम, स्थायी पता, वैध पहचान पत्र, वर्तमान निवास और व्यवसाय स्थल की जानकारी दर्ज की जाएगी।
नगर निगम की टीम वार्ड स्तर पर सर्वे कर कारोबारियों का सत्यापन करेगी। जिन लोगों के पास वैध पहचान पत्र या निगम रिकॉर्ड नहीं मिलेगा, उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए ठेले जब्त किए जाएंगे। साथ ही प्रमुख सड़कों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, यह भी सुनिश्चित किया जाएगा।
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि स्थानीय लोग मेहनत कर रोजगार चला रहे हैं, उनसे किसी प्रकार की परेशानी नहीं है। लेकिन व्यापार की आड़ में बिना पहचान के शहर में रहने वाले संदिग्ध लोगों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल निगम प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।





