गरियाबंद में तेंदुए का कहर, 7 वर्षीय बच्चे पर हमला, गंभीर रूप से घायल

गरियाबंद। जिले के कोदोबतर अंतर्गत चट्टानपारा इलाके में गुरुवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां तेंदुए ने 7 वर्षीय बच्चे पर हमला कर दिया। बच्चा पड़ोस के घर से टीवी देखकर लौट रहा था, तभी यह घटना हुई।
जानकारी के अनुसार, घर लौटते समय घात लगाए तेंदुए ने अचानक बच्चे पर हमला कर उसकी गर्दन पकड़ ली और उसे जंगल की ओर खींचने लगा। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और जान जोखिम में डालकर किसी तरह बच्चे को तेंदुए के चंगुल से छुड़ाया।
हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया है। बच्चे के गर्दन और शरीर पर गहरे चोट के निशान हैं।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के मौसम में जंगली जानवरों का आबादी क्षेत्र में आना आम बात हो गई है। गरियाबंद मुख्यालय के आसपास कई बार तेंदुए की मौजूदगी देखी गई है, जिससे लोगों में लगातार भय बना रहता है।





