धमतरी पुलिस की बड़ी सफलता : ऑपरेशन लॉस्ट एंड फाउंड’ के तहत 151 गुम मोबाइल लौटाए गए

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन लॉस्ट एंड फाउंड’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की गई है। इस अभियान के अंतर्गत 151 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंपे गए।
पुलिस ने तकनीकी सहायता और साइबर सेल की मदद से विभिन्न स्थानों से इन मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया। बरामद किए गए मोबाइलों की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
पुलिस लाइन स्थित कंपोजिट बिल्डिंग में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर, एसपी और महापौर की उपस्थिति में मोबाइल धारकों को उनके फोन लौटाए गए। इस दौरान अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं और साइबर पोर्टल का उपयोग करें।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक महत्वपूर्ण और प्रभावी कदम बताया। ‘ऑपरेशन लॉस्ट एंड फाउंड’ के माध्यम से 151 मोबाइलों की बरामदगी ने एक बार फिर साबित किया है कि तकनीक और सतत प्रयासों से आमजन की समस्याओं का समाधान संभव है।




