बलौदाबाजार में दंतैल हाथी का आतंक: ग्रामीण को पटक-पटक कर मार डाला, कई गांवों में हाई अलर्ट

बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले में एक खतरनाक दंतैल हाथी का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को ग्राम दोंद में हाथी ने एक ग्रामीण पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान जहरु राम नेताम के रूप में हुई है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, दंतैल हाथी पिछले चार दिनों से मुरुमडीह क्षेत्र में उत्पात मचा रहा था। हाथी किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ गांवों के आसपास घूम रहा था। रविवार को वह दोंद गांव पहुंचा और एक ग्रामीण पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाथी ने ग्रामीण को उठाकर कई बार जमीन पर पटका, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद वन विभाग, हाथी मित्र दल और ग्रामीणों ने देर रात तक अभियान चलाकर हाथी को आबादी वाले इलाके से दूर खदेड़ा। फिलहाल हाथी पहाड़ी क्षेत्र की ओर बढ़ गया है, लेकिन उसके आसपास के गांवों में पहुंचने की आशंका बनी हुई है।
वन विभाग ने मुड़पार, दोंद, सुरबाय, पांडादाह, गुढ़ागढ़, भिभौरी, बफरा, बार और हरदी समेत कई गांवों में हाई अलर्ट जारी किया है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे रात या तड़के सुबह अकेले खेतों और जंगल की ओर न जाएं तथा हाथी के पास जाने या फोटो-वीडियो बनाने की कोशिश बिल्कुल न करें।
वन विभाग की टीम लगातार हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। वहीं ग्रामीणों ने मृतक परिवार को जल्द मुआवजा देने की मांग की है।




