#crime #प्रदेश

भाजपा विधायक भी साइबर ठगी का शिकार : नितिन नवीन का फर्जी पीए बनकर ठग ने ऐंठे 10 हजार रुपये

Advertisement Carousel

 

रायपुर। साइबर ठगों ने इस बार पुरंदर मिश्रा को निशाना बनाते हुए 10 हजार रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने खुद को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का निजी सहायक (पीए) बताकर विधायक से ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवा लिए।

जानकारी के अनुसार, ठग ने विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन कर बताया कि वह भुवनेश्वर जा रहा है और रास्ते में वाहन चालक से विवाद होने के कारण परेशानी में फंस गया है। आरोपी ने गाड़ी में डीजल डलवाने के नाम पर तत्काल पैसों की मांग की।

बताया जा रहा है कि ठग ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर नितिन नवीन और अन्य बड़े नेताओं के साथ तस्वीरें लगा रखी थीं, जिससे विधायक को उस पर भरोसा हो गया। विधायक ने अपने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा को तुरंत पैसे भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद आरोपी के बताए खाते में दो बार में 4500 और 5500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए गए।

हालांकि जब आरोपी ने कुछ देर बाद दोबारा पैसों की मांग की, तब विधायक को शक हुआ। जांच करने पर पता चला कि नितिन नवीन के नाम का इस्तेमाल कर फर्जीवाड़ा किया गया है।

मामले में खम्हारडीह थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। साइबर सेल की टीम मोबाइल नंबर, बैंक खातों और ट्रांजेक्शन डिटेल्स के जरिए आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।