#प्रदेश

हमीरपुर में बड़ा हादसा: बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का हिस्सा ढहा, 6 मजदूरों की मौत

Advertisement Carousel

 

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में गुरुवार देर रात तेज आंधी, तूफान और बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे मलबे में दबकर छह मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि कई अन्य मजदूरों के अब भी मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि थाना ललपुरा क्षेत्र के मोराकंदर परसानी और थाना कुरारा क्षेत्र के नैथी गांव को जोड़ने के लिए बेतवा नदी पर पुल का निर्माण कार्य चल रहा था।

जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब तीन बजे तेज आंधी और बारिश के दौरान निर्माणाधीन पुल का स्लैब अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय कई मजदूर स्लैब के नीचे और आसपास आराम कर रहे थे। अचानक हुए इस हादसे में मजदूर मलबे के नीचे दब गए।

एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने संभाली रेस्क्यू की कमान
एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी में छह मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कुछ मजदूरों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका बनी हुई है। वहीं तीन मजदूर पुल के पिलर पर फंसे बताए गए, जिन्हें सुरक्षित निकालने के प्रयास किए गए।

हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान बांदा जिले के चिल्ला निवासी लोकेंद्र निषाद (22), कुलदीप निषाद (19), भूरागढ़ निवासी सावंत यादव (28), सभाजीत (30), हमीरपुर के स्वासा खुर्द निवासी पुष्पेंद्र सिंह चौहान (34) और अचपुरा निवासी राजेश पाल (42) के रूप में हुई है।

आंधी-तूफान ने मचाई तबाही
उधर, जिले में आए भीषण आंधी-तूफान ने भी भारी तबाही मचाई। कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए, बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और मकानों के टीनशेड उड़ गए। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सैकड़ों पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित रहा और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

इस हादसे के बाद निर्माणाधीन पुल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। खराब मौसम के बावजूद मजदूरों के स्लैब के नीचे ठहरने और निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर प्रशासनिक जांच शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं।