देशभर में NIA की बड़ी कार्रवाई: 4 राज्यों में 12 ठिकानों पर छापेमारी, ड्रोन से हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच तेज

नई दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आतंकी नेटवर्क और हथियार तस्करी के खिलाफ देशभर में बड़ा अभियान शुरू किया है। एजेंसी ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और महाराष्ट्र में एक साथ 12 ठिकानों पर छापेमारी कर संदिग्ध नेटवर्क की जांच तेज कर दी है। यह कार्रवाई पाकिस्तान से जुड़े ऑपरेटिव जसवीर चौधरी और उसके भारतीय सहयोगियों से जुड़े मामले में की जा रही है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोप है कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारत में हथियार, गोला-बारूद और आईईडी की बड़ी खेप भेजी जा रही थी। इन हथियारों का इस्तेमाल पंजाब, दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में बड़े आतंकी हमलों के लिए किया जाना था।
एनआईए की टीमें उत्तर प्रदेश में 5, राजस्थान में 2, बिहार में 2 और महाराष्ट्र में 3 स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चला रही हैं। छापेमारी के दौरान डिजिटल उपकरण, मोबाइल, लैपटॉप, दस्तावेज और अन्य संदिग्ध सामग्री की जांच की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, यह नेटवर्क भारत-पाकिस्तान सीमा के जरिए ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल कर हथियार और विस्फोटक सामग्री की तस्करी कर रहा था। एजेंसियों को आशंका है कि इस साजिश का मकसद देश में दहशत फैलाना और आम नागरिकों को निशाना बनाना था।
इसी बीच एनआईए ने हरियाणा के सिरसा महिला थाना ग्रेनेड हमला मामले में भी बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पाकिस्तानी नागरिकों समेत नौ आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। जांच में खुलासा हुआ है कि पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर से आतंकी बने शाहजाद भट्टी के निर्देश पर भारत में पुलिस ठिकानों को निशाना बनाने की साजिश रची गई थी।
एजेंसी के अनुसार आरोपियों के खिलाफ यूएपीए, भारतीय न्याय संहिता और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलकर इस नेटवर्क से जोड़ा जा रहा था।
फिलहाल एनआईए फरार आरोपियों और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्ध लिंक की तलाश में जुटी हुई है। एजेंसी का कहना है कि देश विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





